पंचायत सामान्य निर्वाचन के चतुर्थ चरण के लिए कराए गए 1719 नामांकन पत्रों की जांच में 15 पर्चे खारिज हुए हैं। चौथे चरण में ब्लाक अम्बियापुर, बिसौली, आसफपुर एवं वजीरगंज में 29 अक्तूबर को मतदान होना है।
नौ तथा दस अक्तूबर को चतुर्थ चरण के लिए जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 1719 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। जिसमें जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 191 तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 1528 नामांकन पत्र शामिल हैं। 14, 15 अक्तूबर को चली जांच प्रक्रिया में जिला पंचायत सदस्य पद के तीन और चारों क्षेत्र पंचायत में सदस्य पद के लिए भरे गए 1528 नामांकन पत्रों में 12 पर्चे खारिज हो गए हैं। क्षेत्र पंचायत अम्बियापुर में 419 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिसमें वार्ड 22 में दो पर्चों के साथ ही वार्ड 88 तथा 47 कुल चार पर्चे खारिज होने के बाद 415 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बिसौली में 374 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिसमें वार्ड10, 19 के दो पर्चे खारिज होने के बाद 372 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। आसफपुर में 383 में वार्ड 14, 75 एवं 29 कुल तीन पर्चे खारिज होने के बाद 380 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ब्लाक वजीरगंज में 352 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन कराया था। जांच में वार्ड 03, 32 और 45 के कुल तीन पर्चे खारिज होने के बाद 349 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चारों क्षेत्र पंचायतों में कुल 1528 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे जिसमें 12 पर्चे खारिज होने के बाद 1516 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जिला पंचायत सदस्य पद के आरओ रामरक्षपाल सिंह यादव ने बताया है कि चतुर्थ चरण में जिला पंचायत के 11 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 191 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया था, जिसमें तीन पर्चे खारिज होने के बाद 188 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
17 पहचान पत्रों में से कोई एक पहचान पत्र जरूरी
बदायूं। पंचायत सामान्य निर्वाचन में बिना पहचान पत्र के कोई भी व्यक्ति मतदान नहीं कर सकेगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 17 पहचान पत्रों में से कोई भी एक पहचान पत्र दिखाने पर ही वोट डालने दिया जाएगा। निर्धारित पहचान पत्रों में कुछ ऐसे भी अभिलेख हैं, जो परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए भी इस शर्त के साथ पहचान स्वरूप वैध माने जाएंगे। जब परिवार के सभी सदस्य एक साथ मतदान करने के लिए आएं और उनकी पहचान परिवार के मुखिया द्वारा की जाए।
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी जिम्मेदारियां
बदायूं। डीएम शंभू नाथ ने प्रताप सिंह भदौरिया और एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों के साथ गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभा कक्ष में तृतीय और चौथे चरण के जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिशा निर्देश दिए। कहा कि गत दो चरणों की भांति ही तृतीय चरण में कठिन परिश्रम और लगन के साथ भ्रमणशील रहकर निष्पक्ष, स्वतंत्र, निर्भीक एवं शांति पूर्ण मतदान कराएं।
डीएम ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निश्चित पहचान पत्र में से कोई एक पहचान पत्र होने पर ही मतदान करने दिया जाए। कोई भी मतदान केंद्र तथा मतदेय स्थल जहां पहले से ही चिन्हित है, वहीं बनाया जाएगा। इसमें परिवर्तन की कोई गुंजाइश ही नहीं है। सीडीओ ने कहा कि सभी मतदान कार्मिक और जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्भीक होकर मतदान सम्पन्न कराएं। नियमों का उलंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हिदायत दी कि 16 अक्तूबर को पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर समय से पहुंचकर अपने अपने सेक्टर की पोलिंग पार्टियों को यथासमय रवाना कराएं। विलंब से पहुंचने वाले मतदान कार्मिकों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के विरूद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एडीएम प्रशासन ने कहा कि समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने अपने मतदान केंद्रों का भ्रमण करलें। कोई मतदान केंद्र नहीं तैयार हो अथवा कोई कमी रह गई हो तो उसे अवश्य दुरुस्त करालें। उन्होंने मतदान सामग्री की विशेष सुरक्षा करने की हिदायत दी। कहा कि एक बूथ पर एक से अधिक प्रत्याशियों वाले मतदेय स्थलों और वहां भेजी गई पोलिंग पार्टियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में एसपी सिटी अनिल कुमार यादव, एसपी आरए मुन्ना लाल, आजीविका मिशन के उपायुक्त आरपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यहां से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
बदायूं। तीसरे चरण में 17 अक्तूबर को ब्लाक दातागंज, समरेर, उसावां एवं म्याऊं में मतदान होगा और ब्लाक दातागंज की पोलिंग पार्टियां संतोष कुमार मैमोरियल इंटर कालेज गनगोला, दातागंज, समरेर के जूनियर हाई स्कूल झुकसा, समरेर उसावां के महात्मा गांधी उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय उसावां प्रथम एवं ब्लाक म्याऊं की पोलिंग पार्टियां नेहरू आदर्श इंटर कालेज अलापुर से रवाना की जाएंगी।