- कश्यप समाज के लोगों ने कराया बड़ी माता के मंदिर में पूजन
- विधायक आरके शर्मा समेत भाजपा नेता भी शोभायात्रा में जुटे
कश्यप समाज की देखरेख में शुक्रवार को दुर्गा शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। देवी के भक्त बैंडबाजों की धुन पर थिरकते नजर आए। मार्केट में शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। कलाकारों ने करतब दिखाकर मन मोह लिया। दो दर्जन से अधिक झांकियां और काली अखाड़े के कलाकार लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा अपराह्न में कश्यप पुलिया के पास से भ्रमण के लिए रवाना की गई। भाजपा विधायक आरके शर्मा, बृज प्रदेश के अध्यक्ष बीएल वर्मा और हीरालाल कश्यप ने पहले फीता काटा फिर नारियल फोड़कर शुभारंभ कराया। शोभायात्रा में करीब दो दर्जन झांकियां रहीं। शंकर-पार्वती, राधाकृष्ण, राम-सीता समेत देवी-देवताओं की झांकियों का कश्यप समाज के लोगों ने पूजन किया। कछला रोड होकर घंटाघर चौराहे पर पहुंची शोभायात्रा में युवाओं की टोली ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल से सराबोर कर दिया। काली अखाड़े में शामिल कलाकारों का प्रदर्शन मनमोहक रहा। कई कलाकार नृत्य करते नजर आए। उन्हें देख लोग झूम उठे।
शोभायात्रा के दौरान बिल्सी रोड बाजार में उत्साहित दिखे भक्तों ने बैंडबाजों की धुन पर जमकर नृत्य किया। शाम को किलाखेड़ा मोहल्ला स्थित बड़ी माता के मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम के रूप में विसर्जित हुई शोभायात्रा में शामिल महिला-पुरुषों ने हवन-पूजन कराया। लोक कल्याण के लिए आहुतियां भी अर्पित की गई। हवन के दौरान दुर्गे के जयकारे गूंजते रहे। शोभायात्रा में चंद्रपाल कश्यप, राहुल शंखधार, संजीव गुप्ता, मोनू गुप्ता, राजीव गोयल, पवन वार्ष्णेय, कल्लू कश्यप, प्रेमपाल कश्यप, श्रीराम, सोहन लाल, सतीश कश्यप, सीताराम, प्रकाश, नागेंद्र, लल्ला पहलवान, हरनारायण और राधेलाल आदि शामिल थे।