जिला खान अधिकारी की क्षतिग्रस्त गाड़ी। स्रोत विभाग
बदायूं। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खनन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक डंपर चालक ने खनन अधिकारी के वाहन में टक्कर मार दी। मौके से भागने की कोशिश की, टीम ने पीछा कर करीब पांच किलोमीटर दूर जाकर डंपर को पकड़कर उसे सीज कर दिया।
रविवार को खनन विभाग की टीम अवैध खनन के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान इस्लामनगर क्षेत्र में टीम को अवैध रूप से खनन सामग्री ढो रहे वाहनों की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो एक डंपर चालक ने बचने के लिए तेज गति से वाहन भगाते हुए खनन अधिकारी की गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया।
टीम ने तत्काल पीछा करते हुए करीब पांच किलोमीटर दूर जाकर डंपर को पकड़ लिया। इसके बाद वाहन को सीज कर दिया गया। इस मामले में चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं अभियान के दौरान इस्लामनगर क्षेत्र से दो डंपर और एक लोडर को भी अवैध खनन में लिप्त पाए जाने पर पकड़ा गया।
इसके अलावा वजीरपुर क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को लोडर सहित पकड़कर सीज किया गया है। खनन विभाग के अनुसार, जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में लिप्त पाए जाने वाले वाहनों और लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मेरे वाहन में एक डंपर ने टक्कर मार दी। पांच किलोमीटर दूर जाकर एक डंपर को पकड़ा है। डंपर को थाने में सीज कर दिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। -गुलशन कुमार, जिला खान अधिकारी