इस्लामगर के नसरोल गांव में गिरी दीवार। संवाद
इस्लामनगर (बदायूं)। लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। ब्लॉक क्षेत्र के नसरोल गांव में सोमवार शाम कच्ची दीवार गिरने से पति-पत्नी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी हुई है।
नसरोल गांव निवासी किशनलाल (75) और उनकी पत्नी दुलारो देवी (65) बारिश से बचने के लिए घर की दीवार पर टिके छप्पर के नीचे बैठे थे। तभी कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और दोनों उसके नीचे दब गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबे से निकालकर उन्हें चंदौसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान देर शाम दुलारो देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि किशनलाल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। दुलारो देवी के तीन पुत्र हैं और तीनों की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। ज्येष्ठ पुत्र राजेंद्र ने तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। घटना की जानकारी पर तहसील प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।