विकास खंड सालारपुर स्थित प्राइमरी स्कूल सादुल्लागंज भितारा में लगातार बिना बताए गैरहाजिर चल रहीं प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने की संस्तुति की गई है। बीईओ सालारपुर ने अपनी आख्या बनाकर बीएसए को भेज दी है।
गौरतलब है कि प्रशिक्षु भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित हुई अभ्यर्थी स्कूल में ज्वाइन करने को लेकर कई बार चक्कर लगा चुकी लेकिन प्रधानाध्यापिका के गैरहाजिर मिलने पर ज्वाइनिंग नहीं हो सकी। रोजाना यही स्थिति मिलने पर उस प्रशिक्षु चयनित अभ्यर्थी ने यह बात बीईओ को बताई। जब उन्होंने इसकी जानकारी ली तो पता चला कि प्रधानाध्यापिका पूनम 17 दिसंबर से लगातार गैरहाजिर चल रहीं हैं। इससे खिन्न बीईओ रमेश चंद्र जौहर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीएसए को आख्या भेज संबंधित प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने की संस्तुति कर दी। वहीं प्रशिक्षु को जूनियर के प्रधानाध्यापक से लिखवाकर बीईओ श्री जौहर ने ज्वाइनिंग कराया।