उघैती। उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक किसान की मारपीट कर गोली मार दी गई। हमलावरों ने किसान को लाठी-डंडों से इतना पीटा कि उसके हाथ तक टूट गए। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। एएसपी ग्रामीण ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। तनाव को देखते हुए गांव में आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।
पीड़ित के भाई शंकर सिंह निवासी रघुनाथपुर पिपरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे उसका भाई सुरेश चारा लेने खेत पर गया था। इसी दौरान पुराने विवाद में गांव के कुछ लोग हथियारों से लैस होकर वहां पहुंच गए और सुरेश पर हमला कर दिया।आरोप है कि हमलावरों ने सुरेश को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसके हाथ तक टूट गए।
शंकर ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर जब वह ग्रामीण अरुण के साथ मौके पर पहुंचा तो आरोपित उसके भाई को बेरहमी से पीट रहे थे। उसे आता देख हमलावरों ने सुरेश पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सुरेश के पैर में जा लगी। इसके बाद हमलावर सुरेश को मृत समझकर भाग निकले और जाते-जाते धमकी भी दी कि यदि पुलिस से शिकायत की तो उन्हें भी जान से मार देंगे। गंभीर हालत में घायल सुरेश को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बदायूं मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान सुरेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया और गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचकर एएसपी ग्रामीण हृदेय कठेरिया पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जिन पर केस दर्ज किया है उनमें सतीश चंद्र उर्फ हप्पू, उसके भाई निखिल व सगुन, महेश चौधरी, रोबिन, आर्येन्द्र व बृजपाल शामिल है।
पुराना विवाद बना वजह
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश लंबे समय से चली आ रही है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज करा चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के पीछे प्रधानी चुनाव भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस जांच में ही सारी हकीकत सामने आ सकेगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
पोस्टमार्टम होने के बाद मंगलवार रात मृतक का शव गांव पहुंचाया गया तो लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश भी है। हालांकि एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस तैनात है। परिजन व रिश्तेदारों का आना-जाना जारी है। शव के अंतिम संस्कार की भी तैयारी की जा रही है।
वर्जन-
इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण
सुरेश। फाइल फोटो