उझानी। कछला रोड पर बाइक सवार को बचाने की कोशिश में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक घायल हो गया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा रविवार पूर्वाह्न गांव ननाखेड़ा के पास हुआ। गांव के निवासी शान मोहम्मद (48) पुत्र इब्राहीम अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लदवाकर उसे नगरिया मिल तक पहुंचाने के लिए खेत से निकले। रास्ते में विपरीत दिशा से अचानक ही बाइक सवार आ गया। उसे बचाने की कोशिश में शान मोहम्मद ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठे।
ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट जाने से वह गन्ने के ढेर के नीचे दब गए। यह देख जुटे आसपास के किसानों ने गन्ने का ढेर हटाकर चालक को बाहर निकाला। अस्पताल लाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। संवाद