मुजरिया के बदायूं -मेरठ हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी ईटों से भरी ट्रॉली से टकराई कार। संवाद
बदायूं। बदायूं-मेरठ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ईंट लदी ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सहसवान कस्बे के मोहल्ला सैफुल्लागंज निवासी परिताेष मंगलवार सुबह अपने परिवार के साथ मनौना धाम से दर्शन करके घर लौट रहे थे। उस दौरान परितोष (35) ही कार चला रहे थे।
कार में उनकी पत्नी, दो साल का बेटा और मां मीरा माहेश्वरी (52) बैठी थीं। बताते हैं कि उनकी कार मुजरिया थाना क्षेत्र में कौल्हाई के नजदीक पहुंची थी।
कौल्हाई में सड़क किनारे ईंटों से लदी एक ट्रॉली खड़ी थी। परितोष को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रॉली से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए। हादसे को देखकर कई लोग दौड़कर आ गए। उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।