उझानी। हजरतगंज गांव की नालियों का पानी बदायूं- दिल्ली हाईवे पर भर जाने के बाद रविवार को ब्लॉक कर्मियों ने मौके पर जाकर हालात देखे। निर्णय लिया गया कि नाले का निर्माण कार्य मनरेगा से किया जाएगा। इसके लिए 10 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
आठ-नौ महीने से नालियों का पानी हजरतगंज के बीआरसी केंद्र के पीछे और हाईवे पर बह रहा है। परेशान ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अफसरों से शिकायत की। पिछले महीने तक यही तय नहीं हो पा रहा था कि नाला निर्माण पीडब्ल्यूडी, ब्लॉक या फिर जिला पंचायत में से कौन कराएगा। ब्लॉक के अफसरों ने कह दिया था कि ग्राम पंचायत के पास इतनी धनराशि नहीं होती, जो वह अपने बलबूते नाला निर्माण करा पाए।
पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत के अफसरों के इन्कार कर देने के बाद ब्लॉक की ओर से नाला निर्माण का निर्णय लिया गया। बीडीओ सर्वज्ञ अग्रवाल ने बताया कि नाला निर्माण मनरेगा की धनराशि से कराया गया। ब्लॉक के जेई और सचिव ने पैमाइश का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। करीब 10 लाख रुपये नाला निर्माण पर खर्च होंगे। स्थानीय स्तर से पत्रावली मंजूर कर अनुमोदन के लिए जिला मुख्यालय पर भेजी गई है। अगले सप्ताह तक काम शुरू हो जाने की उम्मीद है।
बता दें कि नालियों का पानी दिल्ली हाईवे पर दो दिन पहले ज्यादा भरा तो लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता देवपाल सिंह के निर्देश पर पहुंचे कर्मचारियों ने जलभराव वाले स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त बताकर वाहनों का आवागमन दूसरे किनारे से शुरू करा दिया था।
हाईवे पर भरा पानी निकलवाने का काम शुरू
- हजरतगंज में बदायूं-दिल्ली हाईवे पर भरे नालियों के पानी को निकलवाने के लिए सोमवार को ब्लॉक कर्मियों की टीम ने काम शुरू कर दिया। ग्राम पंचायत सचिव अमोल पाराशर के नेतृत्व में दोपहर बाद तक पंपसेट के जरिये पानी को टैंकर में भरा गया। इसके बाद टैंकर तालाब में खाली किया गया। पानी पूरी तरह सूख जाने के बाद पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड- दो कर्मचारी क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत का काम शुरू करेंगे। फिलहाल हाईवे के एक ही छोर से बसों समेत वाहनों का आवागमन है। सड़क ही मरम्मत के बाद ही स्कूल वाले छोर पर वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।
नाला निर्माण मनरेगा की धनराशि से कराया जाएगा। ब्लॉक के जेई और सचिव ने पैमाइश का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। करीब 10 लाख रुपये नाला निर्माण पर खर्च होंगे।- सर्वज्ञ अग्रवाल, बीडीओ
रूबीना।- फोटो : mathura