हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। स्रोत- ग्रामीण
- फोटो : संवाद
बिनावर। थाना बिनावर क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे डबल डेकर प्राइवेट बस और लोडर पिकअप में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक विकास, निवासी गांव नवादा, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली, गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी डबल डेकर बस में करीब तीन यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना बिनावर पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकलवाया और प्राइवेट एंबुलेंस की मदद से उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है, जबकि एक बस चालक को मामूली चोट लगी है।
टक्कर के बाद बस और पिकअप दोनों सड़क पर फंस गए, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दोनों वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते मार्ग अवरुद्ध रहने और उचित यातायात व्यवस्था न होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है।
हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते हो रही परेशानी
घटना स्थल पर बरेली-मथुरा हाईवे का चौड़ीकरण, निर्माण कार्य चल रहा है। चौपाल सागर से लेकर खुनक चौराहे तक डिवाइडर की एक साइड का मार्ग पूरी तरह बंद है। ऐसे में दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही लेन से गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।
हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। स्रोत- ग्रामीण- फोटो : संवाद
हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। स्रोत- ग्रामीण- फोटो : संवाद
हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। स्रोत- ग्रामीण- फोटो : संवाद