बदायूं। बिसौली क्षेत्र के राजपुर गांव की गोशाला में रविवार को एक बीमार बछड़े को कुत्तों ने नोचकर मार डाला। घटना के वक्त बछड़ा चीखता रहा, लेकिन कोई उसे बचाने नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला की देखरेख बेहद लचर है। पशुओं को समय पर चारा नहीं दिया जाता है। बीमार पशुओं के इलाज में लापरवाही होती है। यहां पहले भी कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। गांव के राहुल मिश्रा, विनीत उपाध्याय, जितेंद्र यादव, संकेत ठाकुर, विजय उपाध्याय, अनमोल शर्मा आदि ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला की जांच के समय केयर टेकर पड़ोसी गांवों से गोवंश लाकर संख्या पूरी कर देता है, जबकि गांव की बेसहारा गायों को चारा तक नहीं मिलता। बाहर से लाई गए गोवंश गोशाला पर बोझ बन रही हैं। सीवीओ डॉ. समदर्शी सरोज ने बताया कि जानकारी पर गोशाला गए थे। तीन गोवंश बीमार थे, उनका उपचार कराया गया। दो गोवंश के मृत होने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर शव नहीं मिला।