जिला अस्पताल सभागार में बैठक में मौजूद सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह व अन्य डॉक्टर व पदाधिकारी। स्रोत
बदायूं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों से तीमारदार बदसलूकी करते आ रहे हैं। शनिवार को जिला चिकित्सा संघ के पदाधिकारियों ने बैठक कर गहन चर्चा की तथा डीएम को शिकायती पत्र भेजा है।
दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचल तक के सरकारी चिकित्सालयों में कार्य कर रहे चिकित्सकों को वर्तमान परिवेश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रियाज हुसैन ने एक ऑपरेशन किया, जिसका कुप्रचार सोशल मीडिया पर किया जा रहा है, जो कि अनुचित है।
बताया गया है कि इस मामले में जांच कराई गई, जिसमें उनका दोष नहीं पाया गया है। चार सितंबर की रात को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। ईएमओ डॉक्टर नितिन सिंह एवं अन्य स्टाफ के साथ परिजनों ने बदसलूकी की गई, जिससे मरीजों के इलाज में काफी व्यवधान आया। ऐसी घटनाएं जिला महिला अस्पताल व प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आए दिन घटित होती रहती हैं।
कहा कि अब करणी सेना के पदाधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से जिला अस्पताल में आठ सितंबर को भीड़ एकत्रित करने की अपील कर रहे हैं। उनकी मंशा जिला अस्पताल में उपद्रव कराने की है। लोगों को भड़काया जा रहा है जो कि अति संवेदनशील मामला बनता जा रहा है।
जिला चिकित्सा संघ के पदाधिकारियों ने डीएम से मामले पर संज्ञान लेने की अपील की है। इस मौके पर सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह, डॉ. अमित वार्ष्णेय, डॉ. राजेश वर्मा, डाॅ. रियाज हुसैन, डॉ. नितिन सिंह, डॉ. जीके गुप्ता आदि मौजूद रहे।