जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने को लगी मरीजों की कतार। संवाद
बदायूं। जिला अस्पताल में अब एलर्जी के मरीज बढ़ने लगे हैं। डॉक्टर इसको मौसम में बदलाव का कारण मान रहे हैं। वहीं, मरीजों को ठंडा पानी पीने न पीने की सलाह दी जा रही है। सोमवार को मरीजों की भीड़ देखने को मिली। 195 ऐसे मरीज ओपीडी में पहुंचे जो एलर्जी से परेशान थे। हाथ पैर में खुजलाहट के साथ दाने पड़ रहे हैं।
मौसम के उतार-चढ़ाव से लोगों में एलर्जी का होना शुरू हो गया है।जिसका असर शरीर पर पड़ रहा है। इस तरह के मौसम में लोगों के हाथों और पैरों में दाने पड़ रहे हैं। डॉ. गजेंद्र वर्मा ने बताया कि इस मौसम में एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।अस्पताल में प्रतिदिन 150 से 200 तक ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिन्हें उपचार कर दवा दिया जा रहा है। ज्यादा समस्या होने पर मरीजों की जांच कर इलाज कराने के लिए कहा जा रहा है।
जिला अस्पताल के स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीपाल सिंह ने बताया कि दिन में तेज गर्मी और रात में हल्की सर्दी की वजह से लोगों में इस समय एलर्जी बढ़ रही है। मरीजों के हाथों और पैरों में दाने निकल रहे हैं। इस तरह के मरीजों को विशेष सावधानियां बरतनी चाहिए। जैसे ही उन्हें शरीर में रोगों के लक्षण दिखाई दे फौरन जांच कराकर विशेषज्ञ डॉक्टर से दवा लेनी चाहिए। इस तरह की बीमारी को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। मरीजों को दवा दी जा रही है।