बदायूं। संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि खरीद में हुए घपले के आरोपी चकबंदीकर्ता प्यारेलाल के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। प्यारेलाल ने संभल में तैनाती के समय यह घपला किया था। वर्तमान में उसकी तैनाती बदायूं की बिल्सी तहसील में है। संभल के डीएम मनीष बंसल ने इस संबंध में डीएम बदायूं दीपा रंजन को लिखा है। डीएम ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी रामकिशोर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हाल ही में पड़ोसी जिला संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि खरीद में घपला सामने आने के बाद बदायूं में भी कलेक्ट्रेट स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे के कार्यालय में फाइलें फट गईं। हालांकि, अधिकारियों ने सफाई दी थी कि कार्यालय में बंदरों का झुंड आ गया था। बंदरों ने ही फाइलें फाड़ीं। फाइलें फटने के बाद कई सवाल भी उठे और प्यारेलाल का नाम भी सुर्खियों में आया।
हालांकि, संभल में हुए घपले से बदायूं का सरोकार नहीं है। प्यारेलाल की तैनाती बिल्सी में है। प्यारेलाल का संभल से बदायूं तबादला होने से पहले ही बदायूं में एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। चकबंदी विभाग ने अब प्यारेलाल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी रामकिशोर वर्मा ने बताया कि प्यारेलाल का नाम संभल में हुए घपले में सामने आया है। इस संबंध में उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर डीएम ने निर्देशित किया है। प्यारेलाल की तैनाती अभी बिल्सी में है। सभी पहलुओं के अध्ययन के साथ कार्रवाई की जा रही है।