ग्रामीणों से वार्ता करते डीएम अवनीश राय। स्रोत- सूचना विभाग
बदायूं। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने बुधवार को तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम गुराई, बदरपुर और नौशेरा का दौरा किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यों की भौतिक स्थिति की जांच की और मौके पर मौजूद राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएं और मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम समय से हटाए जाएं। साथ ही सभी राजस्व कर्मी गांव-गांव जाकर पुनरीक्षण कार्यों की सत्यता सुनिश्चित करें।
ग्राम भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से भी संवाद किया और उनसे मतदाता सूची में सुधार एवं नाम जुड़वाने से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अपने नाम की पुष्टि करें और जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे आवेदन कर नाम जुड़वाएं। जिलाधिकारी ने सभी से पुनरीक्षण कार्यों को पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, लेखपाल, पंचायत सचिव, बीएलओ तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।