बदायूं। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट में डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में हुई। पांच ब्लॉकों में प्रसव की संख्या कम होने पर डीएम ने जिले भर में निजी अस्पतालों में कराए गए प्रसव की रिपोर्ट तलब की। साथ ही वीएचएनडी सत्र में बच्चों का वजन करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि नगर निकायों व ग्राम स्तर तक फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव प्रभावी ढंग से कराए। नियमित टीकाकरण के लिए सात मई तक माइक्रोप्लान अपडेट करने को कहा।
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्यनरत छात्राओं के लिए शौचालय क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन कर पुनर्वास केंद्रों पर पहुंचाने को कहा। डीएम ने कहा कि टीकाकरण से कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए।
ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) पर कोई भी बच्चा वजन होने से न छूटे। सभी जगह वजन मशीन उपलब्ध हो। सभी कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन हो ताकि, उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि खराब प्रगति पर सभी अधिकारी रीजन एनालिसिस करें। लक्ष्याें की प्राप्ति में कम प्रगति पर गैप एनालिसिस करें। बैठक में सीडीओ केशव कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल आदि माैजूद थे।