गांव में लोगों ने से बात करते डीएम अवनीश राय। स्रोत सूचना
बदायूं। दातागंज के बाढ़ प्रभावित गांव हर्रामपुर का बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अवनीश राय ने निरीक्षण किया। गांव का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने और चारों तरफ पानी भरा होने के कारण डीएम नाव से गांव पहुंचे। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में अब तक पशु चिकित्सा विभाग की टीम नहीं पहुंची है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा टीमें लगातार भ्रमण कर सेवाएं सुनिश्चित करें, ताकि लोगों और पशुओं को कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने गांव की गोशाला का भी निरीक्षण किया। वहां अभिलेख उपलब्ध न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सचिव का स्पष्टीकरण तलब करने को कहा। साथ ही गोवंश के लिए चारा, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने ग्राम पतरामई का निरीक्षण कर बंधे की स्थिति देखी और पुल से गंगा नदी के जलस्तर व बहाव का जायजा लिया। यहां गांव के अंदर पानी नहीं है, लेकिन पानी गांव की सीमा को छू रहा है। बहाव भी तेज है। डीएम ने अधिकारियों को जलस्तर पर सतत निगरानी के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव सहित बाढ़ खंड व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद