कछला गंगा घाट का निरीक्षण करते डीएम,एसएसपी।स्रोत:प्रशासन
बदायूं। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शुक्रवार को डीएम अवनीश राय व एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि गंगा में कोई शिव भक्त डूब न सके। उन्होंने कछला गंगा घाट का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि वॉच टावर से ठीक प्रकार से निगरानी की जाए, सुनिश्चित करें कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों, नावों की व्यवस्था, गोताखोरों की व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था आदि का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक शुक्रवार की शाम आठ बजे से सोमवार शाम आठ बजे तक रूट डायवर्जन किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान यह सुनिश्चित करें कि आम आदमी को परेशानी न हो। साथ ही कांवड़ियों का मार्ग सुगम हो और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने श्रावण मास के दौरान सोमवार व अन्य मुख्य स्नान के दिनों में भीड़ नियंत्रण पर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने विभिन्न शिविरों व अन्य स्थानों पर वितरित की जा रही खाद्य सामग्री की नियमित रूप से चेकिंग करने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने कांवड़ मार्ग का भी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में एंटी वेनम व एंटी रैबीज इंजेक्शन सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आलाधिकारी मौजूद रहे।