बदायूं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के आठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को जिला प्रशासन द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंगलवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम अवनीश राय ने यह सम्मान प्रदान किए।
राज्य स्तर से प्रसव इकाई के रूप में चिह्नित इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों ने अधिकतम सुरक्षित प्रसव कराकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सम्मानित केंद्रों में ब्लॉक सहसवान के अंतर्गत खितौरा, खंडुआ और उघैती, ब्लॉक आसफपुर के दबतौरी, ब्लॉक समरेर के गंडाह और सादुल्लागंज, ब्लॉक म्याऊं के गुरा बरेला व नगरीय क्षेत्र में शहबाजपुर शामिल हैं।
डीएम ने इन केंद्रों पर तैनात चिकित्सा अधीक्षकों, स्टाफ नर्सों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ये सभी स्वास्थ्यकर्मी महिला और नवजात की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार आदि मौजूद रहे।