फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: 12 घंटे में 56 मिमी बारिश से जिला बेहाल, सड़कें डूबीं, पेड़ गिरे और बिजली गुल

विज्ञापन
हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 12 घंटे में 56 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर गलियों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। डीएम कार्यालय मार्ग पर चार यूकेलिप्टस के पेड़ गिर गए। वहीं बिजली के तार भी टूट गए। रोडवेज परिसर भी जलमग्न है।
विज्ञापन

पिछले 24 घंटे से जारी बारिश ने शनिवार को शहर से गांव तक की रफ्तार थाम दी। शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। गलियों में भी पानी भर गया। नालियां ओवरफ्लो होने से कई इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था बेअसर नजर आई। बारिश के बीच डीएम कार्यालय मार्ग पर एक के बाद एक चार यूकेलिप्टस के पेड़ गिर गए। इससे कचहरी से डीएम कार्यालय मार्ग का आवागमन भी रुक गया।
उधर, पेड़ों की चपेट में आने से बिजली के तार टूट गए। इससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं रोडवेज परिसर में पानी भरने से यात्रियों को बसों तक पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ा। लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। जोगीपुरा, गांधी ग्राउंड रोड, नेकपुर, पनवाड़ी, शिवपुरम, जवाहरपुरी समेत कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा रहा। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। गलियों में जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हुई। गांधी ग्राउंड भी जलभराव से अछूता नहीं रहा।
विज्ञापन

लगातार बारिश से रोडवेज परिसर में भी पानी भर गया। यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने के लिए जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के पानी के साथ सड़कों की गंदगी भी परिसर में पहुंच गई। इससे यात्रियों को परेशानी के साथ गंदगी का सामना करना पड़ा।
बिसौली। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवा और बारिश का सिलसिला जारी रहने से किसान फसल को लेकर चिंतित नजर आए। पशुपालकों की मुश्किलें भी बढ़ गईं। पशुओं को खुले में रखने और चारे की व्यवस्था करने में दिक्कत हुई।
बिल्सी। बारिश के बाद नगर पालिका बाजार, बिजलीघर रोड, खैरी बस स्टैंड, मोहल्ला संख्या पांच होली चौक समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे फिसलन बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित रहा।

डीएम कार्यालय मार्ग पर खड़ीं कई कारें हुई क्षतिग्रस्त
डीएम कार्यालय मार्ग पर यूकेलिप्टस का एक पेड़ गिरा। प्रशासन ने पेड़ कटवाकर हटवाया। करीब आधे घंटे के बाद एक के बाद एक तीन और पेड़ गिर गए। इससे कचहरी से डीएम कार्यालय जाने वाला रास्ता बंद हो गया। पेड़ों की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ीं कई कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। लगातार बारिश के कारण पेड़ों के आसपास की मिट्टी गीली होने से उनके गिरने का खतरा बढ़ गया है।


बाजारों में 50 फीसदी दुकानें रहीं बंद, कई में भरा पानी



बदायूं। दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने शहर के बाजारों की रौनक छीन ली है। शनिवार को बारिश के चलते शहर में 50 फीसदी से अधिक दुकानें नहीं खुलीं, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित रहा।



शनिवार सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण व्यापारी दुकानों तक नहीं पहुंच सके। मुख्य बाजारों, मोहल्लों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई निचली दुकानों में पानी घुस गया, जिससे दुकानों में रखा सामान भीग गया और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। दुकानदार नीरज कोचर ने बताया कि ग्राहक बाजार में नहीं पहुंच रहे हैं, इसलिए दुकान खोलने का कोई मतलब नहीं। लगातार बारिश से थोक और फुटकर कारोबार दोनों प्रभावित हुए हैं। कपड़ा, सर्राफा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। संवाद


12 घंटे से बिजली गुल, घरों में कैद रहे लोग
अलापुर। शुक्रवार सुबह से तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश शनिवार तक जारी रही। बारिश के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर रहे। वहीं 12 घंटे से बिजली न आने के कारण पानी, आटा चक्की, इन्वर्टर समेत रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। तेज हवा और बारिश से धान के साथ पालक, मूली, मेथी, धनिया, लौकी, तुरई, पत्तागोभी और लहटा की फसल को नुकसान पहुंचा है। संवाद





कछला-शाहबाद हाईवे पर पेड़ गिरने से लगा जाम



बिल्सी। बारिश के चलते शाहबाद-कछला हाईवे पर स्थित रंजना तिराहे के पास एक पुराना यूकेलिप्टस का पेड़ शनिवार की सुबह अचानक टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय निवासी शहाबुद्दीन सैफी और डॉ. हरवेश यादव ने बताया कि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। संवाद

वजीरगंज : मूसलाधार बारिश से बाजार हुआ जलमग्न

वजीरगंज। मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मुख्य बाजार सहित नगर की कई बस्तियों की सड़कें जलमग्न हो गईं। आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को वजीरगंज का मुख्य बाजार भी लगभग बंद रहा। जलभराव वाली बस्तियों के लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए बाजार नहीं पहुंच सके। संवाद




उसावां से अकबरपुर और उदैया नगला में भरा पानी



उसावां। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से कस्बे और देहात क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उसावां से अकबरपुर और उदैया नगला जाने वाले मार्ग पर राजकीय महाविद्यालय के सामने सड़क पर दो से तीन फुट तक पानी बह रहा है। आवागमन प्रभावित हो गया है।



राष्ट्रीय बजरंग दल के शिवम वर्मा समेत कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पहली बार सड़क पर इस तरह बारिश का पानी बहते देखा है। देहात से रोजमर्रा के काम और खरीदारी के लिए उसावां आने वाले लोगों की संख्या न के बराबर रही। संवाद



खरीफ की फसलों को पहुंची क्षति, उत्पादन घटने की आशंका

- धान, मक्का, बाजरा, उड़द और तिल की फसलें हुईं प्रभावित

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। जिले में 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश से खरीफ की फसलों को काफी क्षति पहुंची है। खेतों में जलभराव और बारिश के कारण धान, मक्का, बाजरा, उड़द और तिल की फसलें प्रभावित होने की आशंका है। इससे फसलों की उपज में भी कमी आ सकती है। कृषि विभाग ने स्थिति को देखते हुए फसल बीमा कराने वाले किसानों को नुकसान की सूचना तत्काल देने की बात कही है।

उप निदेशक कृषि मनोज कुमार का कहना है कि वर्ष 2026-27 में खरीफ फसलों का बीमा कराने वाले किसान फसल में हुए नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर दर्ज करा सकते हैं। प्रभावित किसान इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के फसल बीमा प्रतिनिधि या कृषि विभाग के विकासखंड, तहसील और जिला स्तरीय कार्यालय में लिखित सूचना दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के तहत ओलावृष्टि, जलभराव, बेमौसम बारिश और चक्रवात से फसल को हुई क्षति की सूचना टोल फ्री नंबर 14447 पर भी दर्ज करानी होगी। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी की ओर से फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वे में वास्तविक नुकसान का आकलन करने के बाद नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।
सैदपुर। बारिश से क्षेत्र के किसानों की धान और शिमला मिर्च की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। गलियों और प्रमुख मार्गों में पानी भर जाने के कारण आवागमन दूभर हो गया है। पिछले 12 घंटे से बिजली आपूर्ति भी बाधित है। लोगों के घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुए हैं। सीएचसी परिसर, कन्या संविलियन स्कूल का परिसर जलमग्न रहा।
कादरचौक। शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश शनिवार शाम तक जारी रही। तेज हवा के साथ हुई बारिश से धान और बाजरे की तैयार फसल खेतों में गिर गई। कई जगह गन्ना भी झुक गया। कटाई के करीब पहुंची फसल के गिरने से किसानों को उत्पादन प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। खेतों में पानी भरने से नुकसान और बढ़ने की आशंका है।



20 घंटे से लगातार बारिश से फसलें डूबीं
दहगवां। ब्लॉक क्षेत्र के ज्यादातर गांव में लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 20 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में पानी भरने से धान समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान है।

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

हाइवे पर टूट कर गिरे पेड़ के बाद लगा जाम। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें