औषधि प्रशासन विभाग ने एकत्र किए संदिग्ध दवाओं के नमूने
सभी सेंपल लखनऊ प्रयोगशाला भेजे, रिपोर्ट आने का होगा इंतजार
जिला और जिला महिला अस्पताल से औषधि प्रशासन विभाग ने 10 संदिग्ध दवाओं के नमूने भरे हैं। इन सभी को लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने का इंतजार है। अगर दवाइयां के नमूने फेल होते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पहले भी जिला अस्पताल की दवाओं के नमूने फेल हो चुके हैं।
सरकारी अस्पतालों में दवाओं की खरीद शासन से निर्धारित दवा कंपनियों से रेट कांट्रेक्ट के आधार पर होती है। कई बार कंपनियां खराब गुणवत्ता की दवाओं की सप्लाई करने से भी नहीं चूकतीं। अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स पर खराब गुणवत्ता की दवाइयां न दी जाएं इसका जिम्मा औषधि प्रशासन विभाग का होता है। इसके लिए समय-समय पर अभियान चलाकर दवाइयों के नमूने लिए जाते हैं। औषधि प्रशासन विभाग ने जिला अस्पताल से छह और जिला महिला अस्पताल से चार संदिग्ध दवाइयों के नमूने लिए हैं। इनमें टेबलेट के साथ इंजेक्शन भी शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद इन दवाइयों की गुणवत्ता के बारे में स्थिति साफ हो जाएगी। अगर किसी दवा की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो संबंधित दवा कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
------
जिला अस्पताल से चार और जिला महिला अस्पताल से छह दवाइयों के नमूने लिए गए हैं। इनमें टेबलेट और इंजेक्शन शामिल हैं। नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
-पवन कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर