आंबेडकर पार्क की बाउंड्रीवाल के मामले में मौके पर पहुंचे पूर्व राज्यमंत्री हीरा लाल कश्यप। संवा
जगत। ग्राम पंचायत जगत में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय की सुरक्षा के लिए कराए जा रहे बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर निर्माण कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा वर्ष 1997 से स्थापित है। इसी परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय भी बने हुए हैं। ग्राम पंचायत की ओर से तीनों परिसरों की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। आधा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया गया है कि जहां प्रतिमा स्थापित है, वहां के कुछ लोगों ने जमीन का बैनामा करा लिया है। आरोप है कि वही लोग बाउंड्रीवाल के निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पूर्व राज्यमंत्री हीरालाल कश्यप भी आंबेडकर पार्क पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर विवाद की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा के सम्मान और परिसर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। उसके बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -अरुण कुमार, एडीएम प्रशासन