बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर में मंगलवार की सुबह नींव भरने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। मारपीट में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए।
गांव बक्सर निवासी सुघड़ सिंह के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी जगह पर नींव भरवा रहे थे। इसी दौरान चार लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सुघड़ सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी बेटियां गंगादेवी और रजनी तथा भाई उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
मारपीट में सुघड़ सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। सुघड़ सिंह घायल परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि थाने पर तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।