उझानी (बदायूं)। पिछले महीने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराए गए बरेली के कोरोना संक्रमित 10 लोगों ने जिंदगी की जंग जीत ली। इनमें तीन महिलाएं हैं। बृहस्पतिवार को 11 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसहैत के व्यक्ति को रात में ही घर भेज दिया गया लेकिन महिलाओं समेत बरेली के लोगों को शुक्रवार को डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान सभी के चेहरों पर मुस्कान देखी गई।
कोरोना संक्रमित बरेली की महिलाओं समेत 12 लोगों को 23 मई को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी दिन बदायूं के भी दो लोगों को भर्ती कराया गया। तीन दिन पहले स्वास्थ्यकर्मियों ने फिर से जांच के लिए इनके सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजा। गुरुवार शाम 14 लोगों में 11 की रिपोर्ट निगेटिव आई। चिकित्साधिकारी डॉ. सुयश दीक्षित ने बताया कि जिन संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई, उनमें जिले के उसहैत क्षेत्र का व्यक्ति भी शामिल है। उसे गुरुवार देर रात ही एंबुलेंस से घर भेज दिया गया। बरेली की तीन महिलाओं समेत 10 लोगों को शुक्रवार दोपहर डिस्चार्ज किया गया। इसके अलावा बचे हुए तीन लोगों का सैंपल तीसरी बार जांच के लिए भेजा गया है जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई थी। अस्पताल में इस समय बरेली और बदायूं के चार संक्रमित भर्ती हैं।
सतेती में मिले उनौला के संक्रमित ने पेड़ पर ली शरण
गांव उनौला निवासी जो व्यक्ति गुरुवार को संक्रमित पाया गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस से स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बिल्सी क्षेत्र के गांव सतेती पहुंची। इस दौरान वह अपने रिश्तेदार के घर पर नहीं मिला। सैंपलिंग के दौरान उसने रिश्तेदार का सेलफोन नंबर स्वास्थ्य विभाग को मुहैया कराया था। रिश्तेदार के जरिए जब उसे जब यह पता लगा कि संक्रमण की पुष्टि हो गई है तो वह गांव के बाहर जाकर एक पेड़ पर चढ़ गया। पूछने पर उसने एंबुलेंस कर्मियों को यही बताया कि किसी को उसकी वजह से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसलिए पेड़ पर चढ़कर बैठ गया।
हुसैनपुर में रिश्तेदार के घर के पास का इलाका सील
उझानी। उनौला के संक्रमित व्यक्ति की बहन कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में रहती है। पिछले दिनों उसने हुसैनपुर में ही तरबूज का व्यापार किया था। गंगा किनारे की कटरी में पालेज खत्म हो गई तो उसने बिल्सी के गांव सतेती के ओर रुख कर लिया। इसके चलते शुक्रवार सुबह में कोतवाली पुलिस की टीम हुसैनपुर पहुंची। पुलिस ने राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में संक्रमित के बहन-बहनोई के घर के आसपास का इलाका सील कर बैरिकेडिंग करा दी है। ग्रामीणों को सील इलाके से दूर रहने की हिदायत दी गई है।