माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं शुरू होने का समय नजदीक आ गया है लेकिन कॉलेज परीक्षा संबंधी कामों में लापरवाही बरत रहे हैं। जिले के दस विद्यालयों से बोर्ड परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अभी तक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर आपलोड नहीं किए गए हैं। ऐसे में इन परीक्षा केंद्रों से परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों का रिजल्ट रुक सकता है। डीआईओएस वीना यादव ने सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजे हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने नवबंर माह में सभी डीआईओएस को पत्र भेजकर सूचित किया था कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के शारीरिक और नैतिक खेल के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंकों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए जनवरी माह का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन कई विद्यालयों का डाटा अपलोड न होने पर विभाग द्वारा बचे हुए विद्यालयों को 15 फरवरी तक अपने विद्यालय से बोर्ड परीक्षा देने वाले सभी परीक्षार्थियों के प्रयोगात्मक परीक्षा का डाटा अपलोड करने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद दस कालेज ने ये काम पूरा नहीं किया है। अब इन विद्यालयों की लापरवाही के चलते परीक्षा दे रहे बच्चों का भविष्य खतरे में दिखाई दे रहा है। डीआईओएस बीना यादव ने इन सभी विद्यालयों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।