कछला में मारपीट में घायल श्रद्धालु। संवाद
कछला। गंगा घाट से पहले रास्ते में खड़ी कार हटाने के लिए कहने पर गाली गलौज के बाद कासगंज और एटा के श्रद्धालुओं में मारपीट हुई। इससे एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। काफी देर तक हंगामा और अफरातफरी के बीच पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दो पक्ष के छह लोगों को पकड़ा। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।
शुक्रवार दोपहर कलश विसर्जन के लिए एटा में श्रृंगार नगर निवासी राघवेंद्र और उनके परिजन आए। उन्होंने अपनी कार रास्ते में पेड़ की छांव में खड़ी कर दी। इसके बाद कासगंज के सहावर क्षेत्र के गांव दीपपुर के लोग ट्रैक्टर- ट्रॉली से आए। तभी ट्रैक्टर चालक ने कार रास्ते से हटाने की कह दिया। दीपपुर के श्रद्धालुओं की दो ट्रॉलियों पर डीजे साउंड सिस्टम भी लगा था। इसी बात पर दोनों पक्ष के श्रद्धालुओं में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। मारपीट में दीपपुर के गोपाल (24), सत्यराम (28), दीपक (22) और रंजीत (19) घायल हो गए।
मारपीट के दौरान मची अफरातफरी के बीच एक दुकानदार नेे फोन करके कछला चौकी को सूचना दी। कुछ लोगों ने अपनी दुकानें भी बंद कर लीं। चौकी के सिपाही भी जब दोनों पक्ष के श्रद्धालुओं को समझाने में नाकाम हो गए तो कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक भी पहुंच गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद दोनों पक्ष के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। शाम तक किसी ने तहरीर नहीं दी गई है।