नगर के प्रसिद्ध देवी मेला में लगातार भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मेले में पहुंची। दिन में जहां ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ परिवार सहित मेले में पहुंचे, वहीं शाम से देर रात तक कस्बे के लोग मेले की रौनक देखने आए।
श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में मत्था टेकने के बाद धार्मिक अनुष्ठान भी कराया। मां के दर्शनों के साथ ही भक्तों ने मेले में जमकर खरीदारी और व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया। मेले की डांस पार्टी भी युवाओं की खास पसंद है। शाम होते ही नृत्य पार्टियों में रंग जमना शुरू हो गया। इससे पहले माता रानी के दरबार में भक्तों ने मनोकामना पूरी होने पर भव्य जगराता भी कराया। इसका शुभारंभ गणपति भगवान की वंदना से किया। जागरण में कलाकारों की सुंदर भेंटों पर श्रोता मंत्रमुग्ध हुए। सुबह को माता रानी की आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।