अंबियापुर ब्लाक परिसर में कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएम अवनीश राय। संवाद
बिल्सी। खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर 10 जुलाई को प्रस्तावित डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आने का कार्यक्रम फिलहाल टल गया है। इसके चलते बिल्सी रोडवेज बस स्टेशन का लोकार्पण और समरेर के ऑडिटोरियम के उद्घाटन का कार्यक्रम भी स्थगित हो गया है। कार्यक्रम की नई तिथि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद घोषित की जाएगी।
विधायक हरीश शाक्य ने बताया कि प्रतिकूल मौसम की आशंका के मद्देनजर कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने पर बैठक के बाद नई तिथि तय की जाएगी।
गौरतलब है कि 10 जुलाई को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन, समरेर के ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने आना था। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं, जिस पर सरकार का लाखों रुपये खर्च भी हो गया।
इधर, बृहस्पतिवार की दोपहर डीएम अवनीश कुमार राय ने कई जिले के अधिकारियों के साथ अंबियापुर के कार्यक्रम को लेकर निरीक्षण किया। बरसात में कार्यक्रम को लेकर चिंता व्यक्त की। विधायक हरीश शाक्य से बातचीत कर कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।