बिनावर। चोर को साथ लेकर बिनावर थाने पहुंची दिल्ली पुलिस ने शाम करीब सात बजे आमद कराई। पुलिस को साथ लेकर गांव बिलहत पहुंची और चोर की निशानदेही पर उसी के आंगन से 6.50 लाख रुपये बरामद कर लौट गई। वहीं, दातागंज क्षेत्र से भी एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस साथ ले गई है।
बिनावर थानाक्षेत्र के गांव बिलाहत निवासी विशाल और अजीत दिल्ली के थाना फरस बाजार क्षेत्र में किराना व्यापारी की दुकान पर काम करते हैं। उनके साथ दिल्ली का भी एक युवक काम करता है। चार दिन पहले दुकान से तीनों ने 17 लाख रुपये की चोरी कर ली। विशाल को हिस्से में 6.50 लाख रुपये मिले। उसे वह लेकर बदायूं आया और रात में ही आंगन में गाड़कर चला गया। सुबह को रोजाना की तरह दुकान पर 10 बजे पहुंच गया, जिससे किसी को शक भी न हो। किराना व्यापारी ने दुकान पर काम करने वाले तीनों को नामजद किया। पुलिस ने विशाल को दुकान से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य दोनों युवक फरार हो गए।
दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना को कबूल कर लिया। विशाल ने पुलिस को बताया कि उसके हिस्से में आए 6.50 लाख रुपयों को उसने अपने घर के आंगन में दबा दिया है। पुलिस उसको साथ लेकर शाम करीब सात बजे बिनावर थाने पहुंच गई। पुलिस को साथ लेकर वह विशाल के गांव बिलहत पहुंचे। उसकी निशानदेही पर आंगन में दबे रुपयों को बरामद कर पुलिस उसको साथ लेकर दिल्ली लौट गई। पुलिस ने दातागंज क्षेत्र के एक गांव में दबिश देकर अन्य आरोपी को भी अपने साथ ले गई है।