बदायूं। दीपोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए लोगों ने बड़ी तैयारियां की हैं। चूंकि दीपावली पर गणेश-लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है इसलिए हर घर में इनकी मूर्तियां पहुंच गई हैं। रविवार शाम को विधि विधान से इनका पूजन किया जाएगा।
शनिवार को नरक चतुर्दशी यानी छोटी दिवाली थी। नरक चतुर्दशी के कारण लोगों ने जहां घरों में साफ-सफाई की, वहीं सुबह से ही बाजारों में भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भगवान गणेश और लक्ष्मी की आकर्षक मूर्तियों को लोग खरीदने में जुटे थे। मिट्टी से बनी मूर्तियों की लोग अधिक खरीददारी कर रहे थे। तीस से लेकर चार-पांच सौ रुपये तक की मूर्तियां बाजार में मौजूद रहीं। गणेश-लक्ष्मी के कलेंडर भी बाजार में खूब बिके।
मिठाई के साथ ही तोल दिया गया डब्बा भी
धनतेरस के बाद छोटी-बड़ी दीपावली और भैया दूज पर मिठाई की ज्यादा बिक्री होती है, सो शनिवार भी लोगों ने पूजन के लिए मिठाई की खरीदारी की। देखा गया कि कई दुकानदार मय डिब्बे के ही मिठाई को तौल रहे थे, जबकि उपभोक्ता संरक्षण के तहत डिब्बे के वजन को मिठाई के वजन में शामिल नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन दुकानदारों ने पूरी तरह से मनमानी की। किसी जागरूक ग्राहक के पहुंचने पर दुकानदार उसे डिब्बा अलग तोलते भी दिखे।
गोवर्धन की तैयारियों में भी लगी रहीं महिलाएं
सोमवार को गोवर्धन की पूजा होगी। महिलाएं घरों के साथ ही दरवाजों पर गोवर्धन की पूजा करतीं हैं। कई महिलाएं शनिवार को भी इसकी तैयारियों में लगी रहीं। कई जगहों पर अन्नकूट का प्रसाद भी बांटा जाएगा।
रोडवेज बसों में रहीं खूब भीड़
दिवाली के मौके पर रोडवेज बसों में भी यात्रियों की खूब भीड़ रही। दूसरे शहर में नौकरी करने वाले लोग अपने घरों को पहुंचने के लिए रोडवेज बसों में सवार हुए। स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड पर तड़के से ही यात्रियों की भीड़ रही। लिहाजा, कई बार यहां पर जाम जैसे हालात भी पैदा हो गए, जिससे यहां पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूरे दिन कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।