बदायूं। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव पीयरखंदना में शुक्रवार सुबह एक महिला का उसी के कमरे में शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। उसने करीब दो साल पहले ही प्रेमविवाह किया था। सूचना के बाद मृतका के पिता समेत उसके मायके से चार-पांच लोग पहुंचे लेकिन तब तक गांव में ही उसकी चिता को मुखाग्नि दी चुकी थी। इससे गुस्साए मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है। विवाहिता की मौत का मामला सुबह करीब आठ बजे का है।
पीयरखंदना निवासी बादाम सिंह ने करीब दो साल पहले मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नगलाभिंड निवासी पूरन लाल की बेटी श्याम प्यारी (23) से प्रेम विवाह किया था। शादी गुपचुप ही की गई थी। श्याम प्यारी ने बादाम सिंह से शादी करने से पहले अपने पूर्व पति को छोड़ दिया था। पूर्व पति से उसकी दो साल की बेटी भी है जो श्याम प्यारी के साथ ही बादाम सिंह के घर में रहती है। शादी के एक साल बाद श्याम प्यारी ने एक बेटी को भी जन्म दिया जो 10 महीना की है। शुक्रवार को श्यामप्यारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना के बाद पीयरखंदना पहुंचे पिता पूरन समेत उसके परिजनों को जब घर पर शव नहीं मिला तो उन्होंने अंतिम संस्कार स्थल पर जाकर हंगामा कर दिया।
संदिग्ध हालात में श्याम प्यारी की मौत की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से भी घटना के बारे में जानकारी की। मृतका के पति के मुताबिक तो दो महीना पहले बादाम सिंह के घर का बंटवारा हुआ था। बादाम सिंह को मकान के एवज में 90 हजार रुपये देने थे, जिसके लिए श्याम प्यारी से मांग की गई थी। बादाम सिंह रुपये नहीं दे पाया तो तीन दिन पहले श्याम प्यारी को मारा पीटा गया। आरोप है कि पति समेत उसके भाइयों ने श्याम प्यारी की गला दबाकर हत्या कर दी। मायके वाले असलियत देख पाते, उससे पहले ही गांव के बाहरी छोर पर बादाम सिंह ने अपने खेत में चिता को मुखाग्नि दे दी। पुलिस को चिता जलती हुई मिली। पूरन ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर भी दी है।
मैं खुद मौके पर पहुंचा था। ग्रामीणों से बातचीत के बाद सामने आया कि श्याम प्यारी कई दिनों से बीमार थी। सुबह में ही उसने दम तोड़ दिया था। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। शव का अंतिम संस्कार हो चुका है। - रामऔतार सिंह, एसएसआई।