(26 बीडीएन-23आर)मृतक अमित का फाइल फोटो।
आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में गांव श्यामपुर के पास हत्या कर झाड़ियों में फेंके गए शव की शिनाख्त बिल्सी के गांव सिरतोल निवासी अमित के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। युवक के दोनों मोबाइल गायब होने से पुलिस जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है।
शनिवार सुबह आसफपुर-बिलारी मार्ग पर गांव श्यामपुर चौराहे के पास झाड़ियों में युवक का शव मिला था। उसके गले में रस्सी के निशान होने की वजह से यह स्पष्ट हो गया था कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराई लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के थानों में फोटो भिजवाया। रविवार सुबह बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिरतौल के लोग मोर्चरी पहुंचे और शव की शिनाख्त गांव सिरतोल निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार पुत्र वीरेंद्र पाल के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि शनिवार को अमित अपनी ननिहाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने अपने ममेरे भाई को भी फोन पर सूचना दी थी कि उसके साथ दो अन्य लोग भी आ रहे हैं इसलिए तीन लोगों का खाना बनवा लें। इसके बाद वह वहां नहीं पहुंचा।
मुरादाबाद में रह रहे ममेरे भाई के पास वह शुक्रवार देर रात तक नहीं पहुंचा तो उन्होंने इसकी सूचना अमित के घर पर दी। इसके बाद अमित का फोन लगाया गया तो बंद था। उसके दूसरे फोन पर घंटी जाती रही लेकिन उठा नहीं। शनिवार को उन्होंने बिल्सी थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
रविवार सुबह बिल्सी पुलिस ने ही उनको बताया था कि वह मोर्चरी में जाकर देख लें। इसके बाद वे मोर्चरी पहुंचे। परिजनों ने किसी भी रंजिश से इन्कार किया है। एसएचओ फैजगंज बेहटा सिद्धांत शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। युवक के पास दो मोबाइल थे, जो गायब हैं। खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।