कुंवरगांव। क्षेत्र के गांव दुगरैया में धोखाधड़ी कर कुछ लोगों ने किसान के खेत का सौदा कर दिया। धोखाधड़ी करने वाले तीन खरीदारों को लेकर खेत पर पहुंचे तो जमीन मालिक ने दौड़कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
दुगरैया निवासी कैलाश चंद्र शर्मा का गांव के बाहर ही खेत है। शनिवार शाम करीब पांच वह खेत पर पहुंचे तो वहां एक कार और बाइक खड़ी थी। मौके पर काफी भीड़ भी जमा थी। पता चला कि वहां उनके खेत का सौदा हो रहा है। दो लोगों के हाथों में उनके खेत की खतौनी थी। उन्होंने खतौनी छीन लीं और ग्रामीणों के सहयोग से अहरुइया गांव निवासी रामनिवास को पकड़ लिया।
यह देख बाकी के लोग भाग गए। पकड़े गए रामनिवास ने अपने दूसरे साथी का नाम भूरा निवासी लाही बताया, इसके बाद कैलाश चंद शर्मा ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए आरोपी रामनिवास को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने रामनिवास और भूरे को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी रामनिवास को जेल भेज दिया गया है। एसएचओ सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।