उझानी (बदायूं)। बितरोई रेलवे स्टेशन के पास लाइन किनारे रविवार तड़के युवक का शव पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त मुजरिया क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई। मृतक गाजियाबाद में काम करता था। पिता ने ट्रेन से गिरकर मौत होना बताया तो जीआरपी ने मामला संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।
बितरोई और कछला के बीच रेलवे लाइन किनारे शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला निवासी मोहर सिंह ने उसकी शिनाख्त बेटा प्रेम कुमार (22) के रूप में की। मोहर सिंह ने बताया कि प्रेम शनिवार शाम को घर से गाजियाबाद जाने की कहकर निकला था। वह बदायूं से रामनगर-आगरा एक्सप्रेस में बैठा। ट्रेन रात में डेढ़ बजे बितरोई स्टेशन से होकर निकली तो रास्ते में वह ट्रेन से गिर गया। प्रेम का सिर और चेहरा लहूलुहान था। रेल कर्मी की सूचना के बाद जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि आरपीएफ को भी अवगत कराया गया है। आरपीएफ ने प्रेम के मोबाइल लोकेशन की जानकारी की तो पता लगा कि शनिवार रात करीब 10 बजे तक उसकी लोकेशन दिल्ली में थी। ऐसे में ट्रेन से गिरने की बजाय उसकी चपेट में आने से प्रेम की मौत का शक बना हुआ है। प्रेम कुमार अविवाहित था।