बदायूं। ग्राम दिसौलीगंज के नजदीक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे कूड़े के ढेर में दबे मिले युवक के शव की दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो पाई। माना जा रहा है कि युवक किसी दूसरे जिले का रहने वाला था और हत्या कर उसका शव यहां लाकर कूड़े में दबाया गया था। अब सोमवार को उसका पोस्टमार्टम होगा जिससे उसकी मौत की वजह स्पष्ट होगी।
शनिवार को बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दिसौलीगंज के नजदीक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे करीब 40 वर्षीय युवक का शव कूड़े के ढेर में दबा मिला था। जब शव को कूड़े के ढेर से निकाला गया तो पता चला कि वह कई दिन पुराना था। शायद उसकी हत्या करके शव को यहां दबाया गया था।
दिसौलीगंज मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे है। इससे यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद युवक मुरादाबाद, संभल या किसी और जिले का रहने वाला था। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। 72 घंटे बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तभी पता चलेगा कि युवक की मौत कैसे हुई थी।