थाना सिविल लाइंस में खड़ा ई-रिक्शा चोरी का आरोपी।स्रोत-पुलिस
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रविवार सुबह एक ई-रिक्शा चोर को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर ई-रिक्शा और उसकी बैटरी भी बरामद हुई है। थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी चोर को जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छह सड़का निवासी वसीम ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। वह एक दिन पहले अपना ई-रिक्शा लेकर कुछ सवारियों को उतारने शेखूपुर गए थे। वह सवारियों को उतारकर शहर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रास्ते में अपना ई-रिक्शा रोका था और वह लघुशंका करने चले गए। लौटकर आए तो उनका ई-रिक्शा चोरी हो चुका था। इस पर उन्होंने थाना सिविल लाइंस आकर मामले की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ई-रिक्शा तलाश करना शुरू कर दिया। इस खोजबीन के दौरान पता चला कि वसीम का ई-रिक्शा उझानी कस्बे के मोहल्ला नारायणगंज निवासी मनीष यादव ने चोरी किया था। थाना पुलिस ने रविवार सुबह मनीष को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर ई-रिक्शा और उसकी बैटरी भी बरामद कर दी। आरोपी ने ई-रिक्शा से बैटरी निकाल ली थी और उसे बेचने की फिराक में था लेकिन तब तक वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।