बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के ग्राम सुजावली में मंगलवार तड़के एक विवाहिता का शव उसके ही कमरे की चौखट पर लटका मिला। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की आठ साल की बेटी ने बताया कि घेर से लकड़ी उठाने को लेकर मां का चाची से झगड़ा हुआ। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान कर जांच कर रही है।
बेटी का आरोप- चाची और दादी ने पीटा था
मृतका संजीवनी (30 वर्ष) आठ वर्षीय पुत्री ने बताया कि सोमवार को उसकी मां का उसकी चाची मन्जू से झगड़ा हुआ था। उसकी मां घर के लिए घेर से लकड़ी लेकर आई थी। इसी बात को लेकर चाची और दादी ने उसे घर से खींचकर सड़क पर ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा था। बेटी ने बताया कि रात में उसकी मां छत पर सोई थी। पता नहीं वह रात में कैसे नीचे आ गई और सुबह कमरे की चौखट पर फंदे से लटकी हुई मिली।