बदायूं। दिल्ली में पर्स बनाने की फैक्टरी में काम कर रहे बिल्सी के युवक का शव बुधवार सुबह छोटी ज्यारत के पास पेड़ से लटका मिला। शव की पहचान कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
बिल्सी कस्बे के मोहल्ला नंबर चार में रहने वाला फईम (30) पुत्र सलीम दिल्ली के पहाड़गंज में पर्स बनाने की फैक्टरी में काम करते थे। मंगलवार की सुबह परिजनों से उसने बात की तो बताया कि वह दिल्ली में है। बुधवार सुबह उसका शव सदर कोतवाली क्षेत्र की छाेटी ज्यारत के पास पेड़ पर लटका मिला। परिजन का कहना है कि पुलिस ने उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। फईम एक दिन पहले तक दिल्ली में था। परिजन की उससे बात हुई थी। तब उसने बदायूं आने का कोई जिक्र तक नहीं किया। परिजन ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।