बिसौली (बदायूं)। दबतरा रेलवे ट्रैक पर लखीमपुर के युवक का शव शुक्रवार की शाम को मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। परिवार के लोगों को फोन कर घटना की सूचना दी। शनिवार को परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और शव देखकर बेसुध हो गए।
लखीमपुर के थाना पसगवां के गांव भोगीपुर निवासी प्रेम किशोर का बेटा शिवम दीक्षित (25) गाजियाबाद में किसी निजी कंपनी में नौकरी करता था। पिता प्रेम किशोर ने बताया कि शिवम 31 मई को गाजियाबाद से ट्रेन से चला था और एक जून को घर आ गया।
पांच जून को शिवम का छोटा भाई दीपेश उसे छोड़ने के लिए रेलवे स्टेशन तक गया। उसके बाद रात करीब 9:30 बजे मां संध्या देवी ने शिवम को फोन किया तो उसने बताया कि सीट मिल गई है और वह सुबह तक गाजियाबाद पहुंच जाएगा। इसके बाद फोन करूंगा।
शुक्रवार को दिन भर परिवार के लोग फोन लगाते रहे, लेकिन नहीं उठा। शाम को चाचा सुनील ने शिवम के नंबर पर फोन किया तो एक पुलिस कर्मी ने उठाया। बताया कि वह बिसौली कोतवाली क्षेत्र से कांस्टेबल बोल रहा हूं। युवक का शव दबतरा रेलवे ट्रैक पर मिला है।
यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। शनिवार को रोते-बिलखते परिजन बदायूं के पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचे और बेटे का शव देखकर बेसुध हो गए। दोपहर के बाद शव लेकर परिजन घर चले गए।