उझानी। कछला घाट के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उतराता नजर आया। लोगों से जानकारी मिलने के बाद दोपहर में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव बाहर निकालकर शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन चेहरा देखकर कोई भी पहचान नहीं कर पाया।
करीब 45 वर्षीय युवक के शव पर चोट का कोई निशान भी नहीं दिखा। शरीर पर गर्म कपड़ों के अलावा मटमैला कुर्ता और पैरों में जूते देखने के बाद उसके डुबकी लगाते समय मौत होने की आशंका तो नजर नहीं आती दिखी। पुलिस कर्मियों ने शव बाहर निकालने के बाद घाट पर मौजूद लोगों को चेहरा भी दिखाया। शिनाख्त नहीं हो पाने की वजह से पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। 72 घंटे बाद शव का पोस्टमॉर्टम होगा।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि शव कहीं दूर से बहता हुआ चला आया है। रेतीले टापू के पास जलस्तर में गिरावट के बाद ही शव इलाके के लोगों को नजर आया। तहकीकात शुरू कर दी गई है।
एक दिन पहले मिले शव की भी नहीं हुई पहचान
कछला रेलवे स्टेशन और पिपरौल क्राॅसिंग के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे बुधवार रात पुलिस ने अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। करीब 35 वर्षीय युवक का शव मोर्चरी में रखा है, लेकिन दूसरे दिन भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।