महिला की मौत के बाद उसके घर के बाहर जुटी भीड़। संवाद
वजीरगंज। कस्बे के मोहल्ला मुमताज नगर निवासी नवाब की 17 वर्षीय बेटी गुनगुन ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे फंदे से लटककर जान दे दी। परिजन घर पहुंचे तो किशोरी का शव लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी ने आत्महत्या क्यों की इस बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
पिता नवाब का कहना है कि वह परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। कुछ समय पहले उसकी तबीयत खराब हुई तो वह परिवार के साथ घर आ गया। उसकी बड़ी बेटी गुनगुन व उससे छोटा एक बेटा है। बुधवार को वह पत्नी के साथ दवा लेने गया था। बेटा स्कूल चला गया। इस बीच बेटी गुनगुुन घर पर अकेली थी। दोपहर करीब एक बजे वह घर पहुंचा तो बेटी का शव फंदे पर लटका देखा।
घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। फोरेंसिंक टीम को बुलाया गया। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। बेटी की मौत के बाद माता- पिता बेसुध हाे गए।
मौके पर टूटा पड़ा मिला मोबाइल फोन
-पुलिस को घटना स्थल से एक मोबाइल फोन मिला है, जो पूरी तरह से टूटा हुआ था। कयास लगाए जा रहे हैं कि किशोरी ने आत्महत्या से पहले किसी से बात की होगी। कहासुनी होने के बाद उसने पहले मोबाइल फोन तोड़ा फिर गुस्से में आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।