अलापुर (बदायूं)। दो दिन से लापता युवक की मंगलवार शाम बंद टॉकीज के पीछे गेहूं के खेत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग पहुंच गए। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के वार्ड नंबर छह इमलिया नगला निवासी राकेश (40) पुत्र रामदास रविवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसी गांव कंचनपुर में दूध देने गया था। परिवार वालों के मुताबिक फिर राकेश वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चला। इस पर युवक के भाई मुकेश ने थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इधर, मंगलवार शाम नगर के कुछ लोग बंद पड़ी टॉकीज के पीछे से गुजर रहे थे। उसी समय उन्होंने कटे पड़े गेहूं के खेत में युवक की लाश पड़ी देखी। उनकी सूचना पर युवक के परिवार वाले पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस और नगर के दर्जनों लोग आ गए। युवक शरीर पर चोटों के निशान नहीं मिले हैं। एक दो जगह खरोंचे दिखाई दे रहीं हैं। इस पर परिवार वालों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।