बिल्सी (बदायूं)। गुरुवार दोपहर मछली पकड़ने गए ग्रामीण की शव गांव के तालाब में मिला। परिवार वालों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सतेती इंछा पट्टी निवासी ब्रजेश (50) पुत्र नेत्रपाल गुरुवार दोपहर मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था। शाम तक ब्रजेश घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को चिंता हुई। उसके बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम करीब छह बजे खोजबीन के दौरान ब्रजेश की लाश गांव के समीप स्थित तालाब में पड़ी मिली। इस पर परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। जिससे कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवार वालों का आरोप है कि ब्रजेश मछली पकड़ने के लिए अकेला नहीं गया था। उसके साथ गांव के कुछ लोग भी गए थे। उन्हें आशंका है कि ब्रजेश की हत्या की गई है ओर उसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिवार वालों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।