गोवंशीय जानवरों से लदी एक डीसीएम शनिवार सुबह घने कोहरे में बिल्सी रोड पर एक पेड़ से टकरा गई। तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने वाहन में ठूंसे पशु निकलवाए तो उनमें से पांच की मौत हो चुकी थी। शनिवार सुबह लगभग छह बजे घने कोहरे में बिल्सी रोड पर डीसीएम, रोड किनारे एक पेड़ से टकरा गई। गाड़ी के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर चालक और हेल्पर गाड़ी छोड़कर भाग गए। उसी दौरान गश्त से लौट रही पुलिस की यूपी 100 गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें गोवंशीय पशु भरे दिखे। इस पर उन्होंने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। तब गाड़ी को किसी तरह थाने लाया गया। यहां देखा गया कि गाड़ी में गोवंशीय पशुओं को बुरी तरह ठूंसकर भरा हुआ था। जानवरों को नीचे उतारने पर उनमें से तीन गाय और दो बैल मरे हुए निकले। जबकि 11 गाय तथा बैलों का ठंड से बुरा हाल था। कुछ पशु जख्मी भी थे। मौजूद लोगों ने ठंड में बेहाल जानवरों को लकड़ी जलाकर राहत पहुंचाई। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल जानवरों का उपचार कराया। मृत जानवरों को गड्ढा खुदवाकर दबा दिया गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर उसके नंबर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।