बदायूं। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे विद्यार्थियों के लिए काफी हद तक सुखद रहे। खासतौर से शीर्ष क्रम की बात करें तो बेटियों का पलड़ा दोनों ही परीक्षाफलों में भारी दिखाई दे रहा है। दोनों जगह जिला टॉपर्स बेटियां हैं तो टॉप टेन सूची में भी उन्हीं की संख्या ज्यादा है।
शनिवार दोपहर दो बजे हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम आने के साथ ही विद्यार्थियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। खासकर छात्राएं ज्यादा खुश दिखीं। दसअसल, जिले में टॉप टेन में रहे कुल 21 छात्र-छात्राओं में 13 स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा कर लिया। पहले स्थान पर 93.83 प्रतिशत अंकों के साथ बिसौली के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा वैष्णवी, दूसरे स्थान पर 92.50 प्रतिशत अंक के साथ विद्यावती गर्ल्स इंटर कॉलेज रुदायन की नैंसी रही। 92.17 प्रतिशत अंक पाकर श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र प्रहास ने छात्रों का मान रखा। चौथे स्थान पर 91.67 प्रतिशत अंक के साथ रामेश्वर प्रसाद इंटर कॉलेज भटपुरा बिसौली की विनीता और संतोष कुमार श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर उझानी की पल्लवी शर्मा ने संयुक्त रूप से कब्जा किया। पांचवें स्थान पर 91.50 प्रतिशत अंक के साथ सत्योदय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज वनगवां के सनी रहे। छठा स्थान श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के आर्य प्रताप सोमवंशी ने हासिल किया। जिले में सातवें स्थान पर संयुक्त रूप से देवनागरी इंटर कॉलेज उझानी के अभिषेक पाल, चमेली देवी हायर सेकेंड्री स्कूल उसहैत की श्रद्धा और श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मधुराम माहेश्वरी रहे।
आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर भी छात्रों के मुकाबले छात्राएं आगे रहीं। आठवां स्थान संयुक्त रूप से केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की शुभि रस्तोगी, भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज बिल्सी की चेतना, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बिसौली की तान्या गुप्ता, सत्योदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वनगवां के जितेंद्र रहे। नवें स्थान पर संयुक्त रूप से राजाराम महिला इंटर कॉलेज की शफाक फातिमा, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की नएरीन खान, देव नागरी इंटर कॉलेज उझानी की शाहीन सैफी, तोशी तोमर और शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सिविल लाइंस के प्रयांश रहे। दसवें स्थान पर अशर्फी लाल लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज दहगवां के मोहित, शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की अपूर्वा श्रीवास्तव और श्री रामचरण शास्त्री मेमोरियल इंटर कॉलेज ककोड़ा के सौरभ साहू रहे।
बदायूं। इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में भी छात्रों के मुकाबले छात्राएं आगे रहीं। इंटरमीडिएट टॉप टेन में छह बेटियां हैं। पहले स्थान पर 88.80 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से राजाराम महिला इंटर कॉलेज की सिद्घिमा गुप्ता और वजीरगंज के श्री देवकी नंदन सेनानी स्मारक इंटर कॉलेज की प्रियांशी शर्मा जिला टॉपर रहीं। टॉप टेन में छह से नवें स्थान पर छात्राएं काबिज हैं।
उझानी के महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के अमित कुमार नें 87.60 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। एनए इंटर कॉलेज बिल्सी के सत्यम उपाध्याय ने 87.20 फीसदी अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के यथार्थ सक्सेना 86.80 प्रतिशत अंक पाकर चौथे स्थान पर रहे। पांचवां स्थान हाजी मुख्तार साइंस इंटर कॉलेज ककराला के अमन शाक्य ने 85.60 अंक के साथ हासिल किया है। छह, सात, आठ और नवें स्थान पर छात्राएं हैं। इनमें नेहरू आदर्श इंटर कॉलेज अलापुर की प्रिया शर्मा, श्री दाताराम आदर्श मैैमोरियल इंटर कॉलेज असरासी की दिव्यांशी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं की नंदिनी शंखधार और श्री दाताराम आदर्श मैैमोरियल इंटर कॉलेज असरासी की स्वेता रानी शामिल हैं। जिले में दसवां स्थान एनए इंटर कॉलेज बिल्सी के अनुराग ने हासिल किया है।