बदायूं। एचपीसीएल प्लांट सैजनी में बीती 12 मार्च को दो अफसरों की हत्या के बाद से पुलिस व प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में एसएसपी, सीओ, एसपी सिटी, कोतवाल व दरोगा के बाद अब एसडीएम व तहसीलदार दातागंज का भी तबादला कर दिया गया है। हालांकि डीएम इसे रूटीन कार्रवाई बता रहे हैं। शुक्रवार को सदर छोड़कर जिले की पांच तहसीलाें में एसडीएम व तहसीलदार के पदों पर फेरबदल किया गया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उन्होंने लंबे समय से तहसीलों में जमे कई उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया है। इस फेरबदल में बिल्सी में एसडीएम न्यायिक रहे विनोद कुमार सिंह को दातागंज का नया एसडीएम बनाया गया है।
दातागंज के पूर्व एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह को एसडीएम न्यायिक बिल्सी के पद पर भेजा गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट (आईएएस) श्री साई आश्रित शाखमुरी को बिसौली का एसडीएम नियुक्त किया गया है। बिसौली में तैनात राशि कृष्णा को एसडीएम न्यायिक बदायूं बनाया गया है। बिल्सी में एसडीएम न्यायिक रहे रिपुदमन सिंह को सहसवान का नया एसडीएम बनाया गया है। बिल्सी के एसडीएम प्रेमपाल को हटाकर जिला राजस्व अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि यह फेरबदल रूटीन कामकाज को लेकर किया गया है।
विवादों में रही हैं ये तहसीलें
दातागंज और बिसौली तहसीलें पिछले कुछ समय से सर्वाधिक चर्चाओं में रही हैं। दातागंज तहसील सैजनी में एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आई थी। वहीं, बिसौली तहसील जमीनों पर कब्जों की शिकायतों और इन्हीं शिकायतों के चलते तहसील में आत्मदाह की कोशिशों के कारण चर्चा में रही। यह फेरबदल इन विवादों के बाद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र भी बदले
एसडीएम के साथ-साथ कई तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। दातागंज के तहसीलदार रामचंद्र को तहसीलदार न्यायिक बनाकर लूप लाइन में भेजा गया है। रामचंद्र दातागंज तहसीलदार और अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद से चर्चा में थे, यह मामला बार काउंसिल तक पहुंचा था। बिसौली के तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला को दातागंज भेजा गया है, जबकि बदायूं में तहसीलदार न्यायिक सुरेंद्र कुमार द्वितीय को बिसौली का तहसीलदार बनाया गया है।