दातागंज। गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी के लिए दातागंज में 9 किमी का बाइपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आठ गांवों की जमीन का अधिग्रहण होगा। पीडब्ल्यूडी ने सर्वे कर डीपीआर शासन को भेज दी है। अब शासन से मंजूरी के लिए जनप्रतिनिधि भी पैरवी कर रहे हैं।
84 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे में दातागंज के पास इंटरचेंज बनाया गया है। इंटरचेंज को दातागंज से जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी ने नौ किमी का बाइपास बनाने के लिए सर्वे किया। इससे आवागमन आसान होगा। साथ ही शाहजहांपुर, बदायूं और बरेली के लिए भी रास्ता सुगम हो जाएगा।
यह बाइपास गांव पापड़, कूड़ा, कुटिया, टिकरा पलौरा, बेहटामाधौ, बिहारीपुर, पलिया, पुरेनी और बसेला से होते हुए शाहजहांपुर मार्ग से जुड़ जाएगा। इसमें 26 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसकी लागत 83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसडीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बाइपास बनने के बाद लखनऊ शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं के लिए आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा हो जाएगी। शाहजहांपुर और लखनऊ जाने वाले वाहन बसेला और पुरानी गांव के पास एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकते हैं। इसी तरह बरेली जाने जाने वाले वाहन बेहटा माधौ और बदायूं जाने वाले वाहनों को पापड़ गांव के पास से यह सुविधा मिल सकेगी।
आसपास इलाकों में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
जिन इलाकों से होकर बाइपास गुजरेगा, वहां के आसपास की जमीनों की कीमतों में इजाफा होगा। इसके अलावा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लोग इसके किनारे होटल, रेस्टाेरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठान खोल सकते हैं।