यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष की हरकत के बाद चीफ प्राक्टर ने दौड़ाया
शुक्रवार को भी शहर के सबसे पुराने डिग्री कॉलेज एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज का माहौल काफी गर्म रहा। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष स्वाले चौधरी अपने बाहरी लोगों के साथ कॉलेज में घुसे और कॉलेज फीस में लिए जा रहे छात्र संघ चुनाव और वार्षिकोत्सव शुल्क को तत्काल प्रभाव से लौटाने की मांग की। प्राचार्य डा. जीएस रावत ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सभी को शांत कराने की कोशिश की लेकिन चौधरी और उसके समर्थक उग्र हो गए। यहां तक कि चौधरी ने प्राचार्य डा. जीएस रावत पर हाथ छोड़ दिया जिसका चीफ प्राक्टर डा. संतोष सिंह ने बचाव किया। बाहरी लोगों द्वारा इस तरह की अभद्रता करने के बाद कॉलेज के सभी प्रवक्ता एक जुट हो गए और सभी को कॉलेज के बाहर कर दिया।
बताते चलें गुरूवार को भी यूथ ब्रिगेड ने प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने को लेकर खूब हंगामा काटा था और तब भी चौधरी की प्राचार्य से हाथापाई तक हो गई थी। चीफ प्रॉक्टर से भी जमकर नोंकझोंक हुई। कॅालेज में हंगामा और प्राचार्य से हाथापाई की खबर पर नवादा चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
-----
महाविद्यालय में खौफ से सहमे छात्र-छात्राएं
महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में शहर व आसपास के गांवों से छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए कॉलेज में पहुुंच रहे हैं। लेकिन रोजाना इस तरह के हंगामे से खौफ थका मऊाहौल बना हुआ है। शुक्रवार को भी कॉलेज में प्रवेश फार्म और फीस जमा करने वाले छात्र-छात्राओं की काफी भीड़ थी। इस बीच प्राचार्य से हुई बदसलूकी के बाद माहौल बिगड़ता देख कई छात्र-छात्राएं कॉलेज से चले गए।
-----
एसएसपी का फोन नहीं हो सका रिसीव
कॉलेज के चीफ प्राक्टर डा. संतोष सिंह ने कॉलेज में हो रहे हंगामे और प्राचार्य से हुई बदसलूकी के बारे में मोबाइल से एसएसपी को सूचना देनी चाही लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने दबंगई दमन दल के इंचार्ज को भी फोन किया लेकिन उनसे भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
-----
चीफ प्राक्टर विफरे, बोले नहीं होने दूंगा गुंडई
कॉलेज में स्थिति बिगड़ते देख चीफ प्राक्टर डा. संतोष सिंह ने स्वाले चौधरी और उसके साथियों को कड़े शब्दों में कहा कि कॉलेज में गुंडई नहीं करने दूंगा। अगर, बाहर नहीं गए तो कानूनी कार्रवाई करूंगा। चीफ प्राक्टर के तेवर को देखकर स्वाले चौधरी और उसके साथी कुछ शांत हुए और हल्के-हल्के कॉलेज से बाहर होने लगे।
-----
फीस नहीं की वापस तो रोजाना होगा हंगामा
छात्र नेता के रूप में पहुंचे मुलायम सिंह यूध बिग्रेड के जिलाध्यक्ष स्वाले चौधरी ने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कर दिया यदि छात्र संघ चुनाव शुल्क और वार्षिकोत्सव शुल्क को वापस नहीं किया गया तो कॉलेज में कक्षाएं नहीं लगने देंगे और ऐसे ही रोजाना हंगामा होगा।
----
घटना की वीडियो क्लिप भेजेंगे उच्चाधिकारियों को
दास कालेज में शुक्रवार को जो कुछ हुआ, उसकी पूरी वीडियो रिकार्डिंग हुई है। जिसको चीफ प्रॉक्टर डॉ.संतोष कुमार अब एसएसपी और ऊपरी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर ऐसे छात्र नेताओं और बाहरी युवकों पर कार्रवाई करने को कहेंगें। उन्होंने कहा है कि स्वाले चौधरी, शबाब चौधरी और उनके 30-40 बाहरी साथियों ने प्राचार्य के साथ दुव्यर्वहार किया और गाली-गलौज की। कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है ऐसे में रोजाना हो रहे हंगामे से छात्र-छात्राओं पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इसलिए इन कथित छात्र नेताओं पर शिंकजा कसना जरूरी हो गया है।
-----
यूथ ब्रिगेड ने डीएम को दिया पत्र
बदायूं। दास कालेज में हंगामा होने के बाद मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष स्वाले चौधरी ने प्रवेश के दौरान ली जा रही छात्र संघ चुनाव और वार्षिकोत्सव शुल्क को वापस कराने की मांग को लेकर डीएम को पत्र दिया है। पत्र देने वालों में अजहर कुरैशी, फैजान खां, अराफात, जाहिद गाजी, आमिर सोहिल, जहांगीर खां, शबाब चौधरी, दिलीप कुमार, विपिन कुमार, शाहिद गाजी, अनीस सिद्दीकी आदि प्रमुख हैं।