काली पट्टियां बांधकर उपद्रवियों का किया विरोध, सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे
कालेज में पुलिस तैनात, कहा-बाहरी तत्वों का नहीं होगा प्रवेश
शहर के एनएमएसएन दास डिग्री कालेज में बाहरी लोगों द्वारा प्रवेश दिलाने को लेकर आए दिन किए जा रहे हंगामा और शिक्षकों से अभद्रता के विरोध में शुक्रवार को कालेज के सभी शिक्षक आंदोलन की राह पर आ गए। हाथों में काली पट्टियां बांधकर धरना भी दिया। जिसके चलते कालेज में आज शिक्षण कार्य पूरी तरह ठप रहा। शिक्षकों के आंदोलन शुरू करने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट एके श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। साथ ही किसी तरह की बात न हो इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।
दास कालेज इन दिनों पूरी तरह अखाड़ा बना हुआ है। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता मनमाने तरीके से स्टूडेे्ंटस का प्रवेश दिलाना चाहते हैं। जबकि कालेज प्रशासन यहीं कह रहा है कि नियमों के अनुसार ही प्रवेश होंगे। बीते 15 दिनों के अंदर कालेज में कई बार हंगामा,तोड़फोड़ और शिक्षकों के बीच मारपीट आदि की घटनाएं हो चुकी हैं। गुरुवार को भी यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष स्वाले चौधरी ने अपने कई साथियों के संग कालेज में हंगामा किया था। प्राचार्य और चीफ प्रॉक्टर से नोकझोंक भी हुई थी। हालांकि बीते दिन भी सीओ सिटी और थाना सिविल लाइन और कोतवाली की पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कर दिया था,लेकिन कालेज में आए दिन इस तरह की घटनाओं से परेशान कालेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने आज हाथों में काली पट्टियां बांधकर धरना शुरू कर दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कराया धरना समाप्त
एक दिनी इस आंदोलन की खबर सुनकर सिटी मजिस्ट्रेट एके श्रीवास्तव भी पहुंच गए। उन्होंने कालेज के प्राचार्य डॉ.जीएस रावत और चीफ प्रॉक्टर डॉ.संतोष सिंह से बात की। प्राचार्य ने उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। सिटी मजिस्ट्रेट ने आवश्यक कार्रवाई की बात कही। दोपहर बाद सभी शिक्षक-कर्मचारियों ने धरना खत्म कर दिया। इस बीच उन्होंने हंगामा और उनके साथ अशिष्टता करने वालों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनके धरने पर बैठ जाने से शिक्षण कार्य पूरी तरह ठप रहा।
...इस तरह स्टूडेंट्स से जुटाया कालेज प्रशासन ने समर्थन
कालेज में आए दिन हो रही गुंडागर्दी से पढ़ने वाले स्टूडेंट्स भी तंग आ चुके हैं। धरना-प्रदर्शन शुरू होने से पहले चीफ प्रॉक्टर डॉ.संतोष सिंह ने सभी स्टूडेंट्स बुलाकर कहा कि वह क्या चाहते हैं। पढ़ाई या फिर कालेज में बाहरी तत्वों द्वारा की जा रही गुंडागर्दी। इस पर सभी स्टूडे्ंटस ने एक स्वर से कहा कि वह सिर्फ पढ़ाई चाहते हैं। बाहरी तत्वों का कालेज में पूरी तरह प्रवेश रोका जाए। स्टूडेंट्स ने यह भी कहा जरूरत पड़ने पर वह कालेज प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उपद्रव करने वालों को सबक सिखाएंगे।
पुलिस प्रशासन का फूंका पुतला
दास कालेज में जो कुछ इन दिनों चल रहा है यदि उसके प्रति प्रशासन जल्द नहीं चेता तो कोई भी बड़ी घटना भी हो सकती है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। वजह हैं आज कालेज में जो देखने को मिला वह उसी की तरफ इशारा कर रहा है। सत्तापक्ष से जुड़े कार्यकर्ता जहां कई बार कालेज में हंगामा-प्रदर्शन आदि कर चुके हैं। वहीं शुक्रवार को युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन ने इस बात को लेकर पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका कि वह उपद्रवियों के खिलाफ क्यों कोई सख्त कदम नहीं उठा रहा है। एक बात तो पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया,तब वह शांत हो गए। किंतु शाम को उन्होंने फिर कालेज गेट पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन की ढुलमुल कार्यशैली के विरोध में पुतला फूंक दिया। जमकर नारेबाजी भी की। चेताया भी यदि जल्द ही पुलिस ने कालेज में उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो उनका संगठन भी खामोशी से नहीं बैठेगा। इस तरह दो संगठन आमने-सामने आने लगे हैं।
इधर,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और समाजवादी छात्र सभा ने भी कालेज में स्टूडेंट्स के साथ हो रहीं घटनाओं को लेकर रोष जताया। अभाविप के जिला संयोजक सहदेव सागर काह कि शिक्षकों के अपमान को किसी हालत में सहन नहीं किया जाएगा। अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बैठक में जिला आंदोलन प्रमुख शिवम शर्मा, योगेश, कुनाल, अंकित पटेल, अभिषेक, अवधेश आदि थे।
कुलसचिव ने 31 तक प्रवेश को दी अनुमति
एमजेपी यूनीवर्सिटी के कुलसचिव डॉ.एसएल मौर्य ने कालेज के प्राचार्य को सत्र 2016-17 में निर्धारित तिथि 31 जुलाई तक रिक्त सीटों पर मैरिट के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी है।