बिसौली। आसफपुर में सिद्ध पुल वाले महाराज पर चल रहे किसान मेला में बुधवार को दंगल का आयोजन किया गया। मेला में भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को दंगल में भी भारी भीड़ उमड़ी। दंगल में भूरा और चानू पहलवान को हराकर बुलंदशहर के सुनील यादव ने खिताब पर कब्जा कर लिया। तीन मुकाबले बराबरी पर छूटे। बच्चों और महिलाओं ने जमकर खरीददारी की।
बुधवार को मेला में दंगल का शुभारंभ मेला कमेटी के अध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्य गजराज सिंह ने किया। पहले मुकाबले में सिरौली के भूरा पहलवान ने आसफपुर के चानू पहलवान को मात दी। दूसरा मुकाबला अयोध्या के बजरंगी और ऊधमपुर के भूकंप राणा के बीच हुआ। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरे मुकाबले में मेरठ की तनवी चौहान ने चिकारा की अंजली को शिकस्त दी। अयोध्या के बजरंगी, गाजियाबाद के लाला यादव, अलीगढ़ के भूरे, आसफपुर के धर्मेश यादव के बीच मुकाबले बराबरी के रहे। बुलंदशहर के पहलवान सुनील यादव ने सिरौली के भूरा और आसफपुर के चानू और मोनू पहलवान को शिकस्त देकर दंगल के खिताब पर कब्जा कर लिया। दंगल के मौके पर मेला कमेटी उपाध्यक्ष विपिन पाठक समेत राकेश दीक्षित, महावीर प्रसाद, राहुल यादव, अमित यादव, मनोज यादव आदि रहे।